उत्तराखंडपौड़ीपौड़ीपौड़ी

पौड़ी में युवक विवाद के बाद बाजार बंद, पुलिस ने सख्त निगरानी रखी

जन एक्सप्रैस/पौड़ी: जिला मुख्यालय में बीते गुरुवार को दो युवाओं के बीच हुई घटना से आक्रोश बना हुआ है। शुक्रवार को शहर में बाजार पूरी तरह बंद रहा। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानों के शटर बंद नजर आए और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा और बाजार में लगातार निगरानी करता रहा। वहीं, आक्रोशित लोगों ने शहर में जुलूस निकालकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

बीते गुरुवार को जेल गदेरे के पास एक दुकान के समीप कार का शीशा एक नाई के हाथ से टकरा गया था। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मारपीट के दौरान नाई ने युवक पर कैंची से हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। इसी के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने शुक्रवार को बाजार बंद का आह्वान किया, जिसका असर शुक्रवार को पूरे शहर में देखने को मिला। बंद के चलते बाजार पूरी तरह सूना रहा और जनजीवन भी प्रभावित हुआ। वहीं, आक्रोशित महिलाओं ने शराब की दुकान भी बंद करवा दी। जुलूस में राज्यआंदोलनकारी बीरा भंडारी, कमला नेगी, विकास चौहान, हीना, रीना, आरती देवी, कल्पेश्वरी देवी आदि शामिल रहे। वहीं, एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि
पौड़ी कस्बे में बाजार बंद रहने की स्थिति के दौरान कानून एवं शान्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में मुस्तैदी के साथ तैनात है।

संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है और लगातार गश्त कर स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने हेतु पुलिस द्वारा आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें शांति बनाए रखने एवं अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है। एसएसपी के मुताबिक सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी सतर्क दृष्टि रखी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button