उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में जंगली सुअर का आतंक: गेहूं काट रहे 2 महिलाओं समेत 6 किसानों पर हमला, अस्पताल में भर्ती

जन एक्सप्रेस / हरदोई: हरदोई जनपद के हरपालपुर और अरवल थाना क्षेत्रों के पांच अलग-अलग गांवों में रविवार को जंगली सूअर के हमले में दो महिलाओं सहित छह किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह खौफनाक हादसा उस समय हुआ जब किसान अपने खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे थे। अचानक हुए इस हमले से खेतों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आस-पास काम कर रहे अन्य किसान लाठी-डंडे लेकर पीड़ितों की मदद के लिए दौड़े।

अचानक हुआ हमला, संभलने का नहीं मिला मौका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूअर इतना आक्रामक था कि खेतों में काम कर रहे किसानों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सुअर ने दौड़ा-दौड़ा कर लोगों को अपना शिकार बनाया।

घायलों की सूची:

  • विमलेश (23) – निवासी कठेठा (हरपालपुर)

  • धनकुमारी (55) – निवासी ईसेपुर (हरपालपुर)

  • जमीला (50) – निवासी मलौथा (हरपालपुर)

  • अनुराग (25) व रामनरेश (35) (दोनों भाई) – निवासी महदायन कला (हरपालपुर)

  • मनीष (18) – निवासी शेखापुर नगरिया (अरवल)

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा इलाज

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से सभी लहूलुहान घायलों को आनन-फानन में हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।

ग्रामीणों में दहशत: इस अचानक हुए हमले के बाद से इलाके के ग्रामीण और किसानों में भारी दहशत व्याप्त है। किसानों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस जंगली जानवर के आतंक से उन्हें निजात दिलाई जाए ताकि वे बिना डर के अपनी फसल काट सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button