जौनपुर: अवैध कब्जे की जांच करने पहुंचे लेखपाल पर हमला
सरकारी दस्तावेज फाड़े और उपकरण तोड़े

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत शेख असरफपुर गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बंजर भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंचे लेखपाल पर दबंगों ने हमला कर दिया। न केवल लेखपाल के साथ मारपीट की गई, बल्कि सरकारी दस्तावेज फाड़कर सरकारी कार्य में बाधा भी डाली गई।
विवाद का कारण: पीड़ित लेखपाल ने बताया कि वह शासन के निर्देशानुसार बंजर भूमि की पैमाइश करने मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान करीब आधा दर्जन मनबढ़ युवक वहां आ धमके और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने लेखपाल पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
सरकारी संपत्ति को क्षति: तहरीर के अनुसार, हमलावरों ने लेखपाल के पास मौजूद महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेख (खसरा) फाड़ दिए और जमीन नापने वाले उपकरणों को भी तोड़ दिया। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई: घटना के संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने पुष्टि की है कि लेखपाल की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।






