
जन एक्सप्रेस/टिहरी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को दिए गए निर्देशों के पश्चात जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत ड्रंकन ड्राइव, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्यवाही को ऑपरेशन प्रहार का नाम देते हुए पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत पुलिस टीमों द्वारा सड़क किनारे शराब पीने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की गई। और ड्रंकन ड्राइविंग, रैसिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में कुल 207 वाहनों का चालान किया गया,14 वाहनों को सीज किया गया। और चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच भी की गई तथा आमजन को यातायात नियमों का पालन करने एवं नशे की हालत में वाहन न चलाने हेतु जागरूक किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, हुड़दंग अथवा सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।






