
जन एक्सप्रेस/ विकासनगर: वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर संस्थान का नाम रोशन किया है। महाविद्यालय के 6 रोवर और 6 रेंजर्स ने उत्तराखंड भारत स्काउट एंड गाइड्स द्वारा भोपालपानी (देहरादून) में आयोजित ‘निपुण जांच परीक्षा शिविर’ में सक्रिय भागीदारी निभाई।
महाविद्यालय के इन होनहारों ने किया प्रतिभाग:
-
रोवर दल: हर्षित, पीयूष नेगी, विवेक वर्मा, अमित कुमार, निमेष शर्मा और सौरभ गोसाई।
-
रेंजर दल: दिया रावत, शिखा तोमर, वंशिका चौहान, प्रीति, यीशु राणा और नेहा।
अनुशासन और नेतृत्व का कड़ा प्रशिक्षण
रेंजर लीडर डॉ. माधुरी रावत के नेतृत्व में गई इस टीम ने शिविर में बी.पी. सिक्स, मॉक ध्वज, शिष्टाचार और सर्वधर्म प्रार्थना जैसे विषयों का गहन प्रशिक्षण लिया। प्रदेश के 14 महाविद्यालयों के बीच डाकपत्थर की टीम ने अनुशासन और सेवा भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रादेशिक सचिव रविंद्र मोहन काला ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य ने थपथपाई पीठ
छात्रों के वापस लौटने पर प्राचार्य डॉ. डी.एस. नेगी ने सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करती हैं। प्राचार्य ने टीम के समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






