आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिलावटी शराब के साथ हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार, 14 पेटी जब्त

जन एक्सप्रेस/विकास नगर :- आबकारी विभाग की विकास नगर टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के करनाल से आयातित मिलावटी शराब की तस्करी का पर्दाफाश किया है। टीम ने चंडीगढ़ ब्रांड की 14 पेटी शराब के साथ आरोपी आनंद पुत्र लाखीराम (उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी बड़ा गांव करनाल, हरियाणा) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास इस्तेमाल किया जा रहा वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
निरीक्षक रीना रौथान के अनुसार, यह शराब करनाल से देहरादून तथा आस-पास के पहाड़ी इलाकों में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही थी। जांच में सामने आया कि बोतलों में मिलावट की गई थी, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की मिलावटी शराब से लोगों की जान को खतरा पैदा हो सकता है और यह सिर्फ एक तस्करी का मामला नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति अपराध भी है।
आरोपी को कानूनी कार्रवाई के तहत जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। मौके पर उप निरीक्षक बी.एस. चौहान, सिपाही मोहित, दीक्षा तोमर सहित आबकारी विभाग की टीम मौजूद रही। निरीक्षक रीना रौथान ने लोगों से अपील की है कि अगर बाहरी राज्यों से शराब की तस्करी की जा रही हो या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस या आबकारी विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही इस तरह की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। यह कार्रवाई आबकारी विभाग की सतर्कता और त्वरित एक्शन का नतीजा है। विभाग का दावा है कि भविष्य में भी ऐसी तस्करी पर सख्त नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






