बनभूलपुरा में 190 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत बनभूलपुरा पुलिस और कुमाऊं परिक्षेत्र की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 190 इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 12 अक्टूबर को संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गौला पार्किंग में जलाल शाह बाबा की मजार के पीछे से एक युवक को पकड़ा गया। उसकी पहचान अदनान कुरैशी उर्फ खुजाट (23) पुत्र अयूब कुरैशी निवासी वारसी मदरसे के पीछे, लाइन नंबर 17, बनभूलपुरा के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, युवक के पास मौजूद लाल रंग के बैग की तलाशी लेने पर 95 बुप्रेनॉर्फिन और 95 एविल इंजेक्शन बरामद हुए। कुल 190 इंजेक्शन की बरामदगी के आधार पर कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 170/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली बनभूलपुरा पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। वहीं, एएनटीएफ टीम से उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और कांस्टेबल इसरार अहमद ने सहयोग किया।






