
जन एक्सप्रेस /दिनेशपुर :- दीपावली पर्व के मद्देनजर जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनेशपुर पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए की फड़ और आरोपियों की तलाशी में कुल 33,660 रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 13 अक्टूबर 2026 को दिनेशपुर पुलिस ने सुंदरपुर रोड स्थित पेंटागोन ईको ग्रीन कॉलोनी के पास सार्वजनिक स्थान पर छापा मारा। यहां 52 पत्ती ताश से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारक मलिक, प्रदीप सरकार, राजू मलिक, अनाथ सरकार और बंकिम स्वर्णकार निवासीगण रामबाग व अमृतनगर क्षेत्र दिनेशपुर तथा हरीश कुमार निवासी कुंदननगर नंबर-5, थाना गदरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने जुए की फड़ से 27,260 रुपये और आरोपियों की जामा तलाशी से 6,400 रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 33,660 रुपये की नकदी बरामद हुई। इसके साथ ही तीन मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली गईं। मामले में थाना दिनेशपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक बलराम सिंह, हेड कांस्टेबल कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल भुवन चंद्र, कांस्टेबल महेंद्र सिंह और कांस्टेबल देवराज सिंह शामिल रहे।






