
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :– उत्तराखंड में गन्ना किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगामी पेराई सत्र 2026-27 को नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को देहरादून सचिवालय स्थित देवेंद्र शास्त्री भवन में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पेराई सत्र की तैयारियों और गन्ना कटाई को आधुनिक बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक में मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेराई सत्र समय पर शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं, ताकि किसानों को गन्ने की आपूर्ति और पेराई में परेशानी न हो।
बैठक में गन्ना कटाई के दौरान मजदूरों की कमी और किसानों को होने वाली दिक्कतों के समाधान के लिए सब्सिडी पर हार्वेस्टर मशीनें उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। शुरुआती चरण में हरिद्वार जिले के लिए न्यूनतम तीन और ऊधम सिंह नगर जिले के लिए न्यूनतम दो हार्वेस्टर मशीनें स्वीकृत करने का प्रस्ताव रखा गया।
इन मशीनों से गन्ने की कटाई को तेज और सुगम बनाने के साथ ही किसानों के समय और श्रम की बचत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। बैठक में दर्जा प्राप्त गन्ना राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू, गन्ना आयुक्त सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






