जौनपुर: क्षेत्र पंचायत सदस्य के बंद घर में चोरी, पांच लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सुरिस गांव में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिजन वापस घर लौटे। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर मार्ग स्थित सुरिस गांव निवासी और क्षेत्र पंचायत सदस्य शैलेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार को परिवार के सभी सदस्य एक रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र स्थित माहुल सुक्खीपुर गांव गए हुए थे।
घर बंद होने का फायदा उठाकर चोर बगल के मकान के रास्ते छत पर पहुंचे और वहां से घर के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने कमरे और आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने का हार, सिकड़ी, कान का झुमका, दो सोने की अंगूठियां, चांदी का करधन, पायल और करीब पांच हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
बुधवार सुबह जब परिवार वापस घर पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद घटना की सूचना शाहगंज कोतवाली पुलिस को दी गई।
पीड़ित श्रीराम ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






