उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी के गोरसाली गांव में भीषण अग्निकांड, दो मंजिला मकान जलकर राख

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी:  उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी क्षेत्र स्थित गोरसाली गांव में गुरुवार देर रात बड़ा अग्निकांड हो गया। आधी रात करीब 12 बजे मंडल सिंह रावत के दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।

हादसे में घर में बंधी एक गाय और एक बछड़े की जलकर मौत हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए और कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा दोपहर करीब 3 बजे आपदा प्रबंधन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवा, भटवाड़ी पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आग लगने से परिवार का आशियाना और वर्षों की जमा पूंजी पूरी तरह नष्ट हो गई। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सहायता और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में अग्निकांड की घटनाएं बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं और लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। साथ ही कठिन समय में सामाजिक सहयोग और सामूहिक मदद की भावना भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button