उत्तर प्रदेशहरदोई

हरदोई में कछुआ तालाब पर डीएम का एक्शन, गंदगी और जलकुंभी हटाने के साथ सौंदर्यीकरण के निर्देश

हरदोई में डीएम अनुनय झा ने कछुआ तालाब का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस / उत्तर प्रदेश

हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बिलग्राम तहसील के ककराखेड़ा गांव स्थित ऐतिहासिक कछुआ तालाब का स्थलीय निरीक्षण कर तालाब की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तालाब में बढ़ती गंदगी, जलकुंभी के फैलाव और कछुओं के प्राकृतिक आवास को हो रहे नुकसान पर उन्होंने चिंता व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान तालाब के पानी में प्लास्टिक कचरा और अन्य प्रकार की गंदगी पाई गई, जिससे जल गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि दूषित पानी का असर तालाब में रहने वाले कछुओं और अन्य जलीय जीवों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तालाब की सघन सफाई कराने, जलकुंभी हटाने और आसपास उगी झाड़ियों को साफ कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने तालाब के सौंदर्यीकरण एवं कछुओं के संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने तालाब के किनारों को दुरुस्त करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और पानी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ कछुआ तालाब की पृष्ठभूमि, पर्यावरणीय महत्व, जलवैज्ञानिक स्थिति और मौजूदा जलीय जैव विविधता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि तालाब के आसपास जल गुणवत्ता में गिरावट, नालियों एवं सीवेज के प्रवाह, ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रदूषण, जलकुंभी के फैलाव, दुर्गंध और अतिक्रमण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।

जिलाधिकारी ने तालाब तक जाने वाली सड़क को इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश भी दिए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को तालाब के सौंदर्यीकरण की विस्तृत डिजाइन तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, एसडीएम बिलग्राम, परियोजना निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम, फाउंडेशन इंडिया से शैलेन्द्र, एचसीएल के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button