
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित “एक वृक्ष धरती मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान के तहत उत्तरकाशी जनपद के राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बड़ेथ में कार्यरत एल.टी. शिक्षक, हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रतिष्ठित लेखक तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े डॉ. मुरली मनोहर भट्ट को राष्ट्रीय स्तर की साहित्यिक संस्था साहित्योदय द्वारा ‘पर्यावरण प्रहरी सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
डॉ. मुरली मनोहर भट्ट को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन और जन-जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। इसके साथ ही “एक वृक्ष धरती मां के नाम” अभियान के अंतर्गत उनके द्वारा किए गए वृक्षारोपण कार्यों तथा पर्यावरण विषयक मौलिक काव्य-सृजन को भी विशेष रूप से सराहा गया।
साहित्योदय संस्था द्वारा जारी सम्मान-पत्र में डॉ. भट्ट के पर्यावरणीय प्रयासों, समाज के प्रति उनकी सकारात्मक सोच और जनहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की गई। संस्था ने उनके उज्ज्वल भविष्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने साहित्योदय संस्था, मंच के संस्थापक, आयोजक मंडल तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और भविष्य में उन्हें पर्यावरण संरक्षण एवं साहित्यिक सृजन के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
विश्व पर्यावरण दिवस पर मिला यह सम्मान न केवल डॉ. भट्ट की उपलब्धि है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों की भी महत्वपूर्ण पहचान है।






