
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी सामाजिक कार्यकर्ता एवं “शराब नहीं संस्कार” मुहिम से जुड़े सुशील बहुगुणा को भाजपा के एनजीओ प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी नियुक्ति पर सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि सुशील बहुगुणा लंबे समय से समाज सेवा, नशामुक्ति अभियान, ग्राम विकास और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बहुगुणा के नेतृत्व में संचालित “शराब नहीं संस्कार” अभियान को प्रदेश की कई ग्राम पंचायतों ने अपनाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम समाज में देखने को मिले हैं।उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा सामाजिक सुधार को नई दिशा मिली है। समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उनकी सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।उदय रावत ने विश्वास जताया कि प्रदेश संयोजक के रूप में सुशील बहुगुणा सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनसेवा से जुड़े लोगों को भाजपा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ संगठन को प्रदेश स्तर पर मिलेगा।सुशील बहुगुणा की नियुक्ति पर क्षेत्रवासियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है। स्थानीय लोगों ने इसे जनपद टिहरी गढ़वाल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है। सामाजिक संगठनों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से जनहित और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।






