उत्तरकाशीउत्तराखंडनई टिहरी

टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, डीएम नितिका खंडेलवाल ने दिए जरूरी निर्देश

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाता सूची के गहन परीक्षण का कार्य तेजी और शुद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से प्रत्येक मतदेय स्थल का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण अद्यतन किया जाए।

8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर सत्यापन अभियान

जिलाधिकारी ने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण भी किया जाएगा। प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण करेंगे।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) से संबंधित कार्य भी निर्धारित समयसीमा के भीतर 7 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाए।

14 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारूप निर्वाचक नामावली

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

मतदाता अपने दावे और आपत्तियां ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।

समयसारिणी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप कार्य करने तथा निर्धारित समयसारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में शैलेन्द्र नेगी, विजय तिवारी, कमलेश मेहता, जवाहर सिंह, अरविंद शर्मा, अरुण कुमार तथा राजेंद्र गुंसोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button