

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी
अंतिम संस्कार से पूर्व भारतीय सेना के जवानों ने शहीद रोहित रावत को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर राष्ट्र की सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर से सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन बलवंत सिंह रावत ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत, उपजिलाधिकारी घनसाली मंजू राजपूत सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शहीद रोहित रावत के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि शहीद का बलिदान आने वाली पीढ़ियों और देश के युवाओं को राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
शहीद के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
“शहीद रोहित रावत अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों के बीच लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। राष्ट्र उनकी वीरता, साहस और बलिदान को सदैव याद रखेगा।




