अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क के नीचे खंती में पलटा,चालक की मौत

जन एक्सप्रेस/ फर्रुखाबाद : हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव-कटरा मार्ग को जोड़ने वाले हाईवे पर बृहस्पतिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरी खंती में पलट गया, जिससे उसके नीचे दबकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान फर्रुखाबाद जनपद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर तराई निवासी वीरेंद्र सिंह (57) के रूप में हुई है। उनके पास मिले पहचान पत्र के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र सिंह पेशे से किसान थे और गुरुवार शाम सवायजपुर क्षेत्र के चटकपुर गांव में रिश्तेदारी से मिट्टी उठाने वाली डोली लेने के लिए ट्रैक्टर लेकर निकले थे। रास्ता भटकने के कारण वे हरपालपुर क्षेत्र की ओर पहुंच गए।
देर रात करीब एक बजे हरपालपुर मार्ग पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खंती में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हरपालपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। बाद में शमशाबाद थाने के माध्यम से परिजनों को जानकारी दी गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


