utrakhandटिहरीदेहरादूनधरालीनई टिहरी

उत्तराखण्ड ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान ने की क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी उत्तराखण्ड पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जाधारी राज्यमंत्री) खेम सिंह चौहान एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सभागार में विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत एवं पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह तोमर भी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा कार्यों को व्यावहारिक और जनहितकारी तरीके से क्रियान्वित कर पात्र लोगों को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान पुनर्वास विभाग से जुड़े मामलों में मुआवजा नहीं मिलने, लंबित प्रकरणों के निस्तारण में देरी, पेयजल आपूर्ति, समाज कल्याण योजनाओं तथा पर्यटन विकास से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को समय पर राहत मिल सके।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य शीशपाल राणा, प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, विकास गुसाईं, नरेन्द्र सिंह, सुखदेई देवी, लीला देवी, मीनाक्षी कैन्तुरा, सरस्वती तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button