
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस टीम ने जोशियाड़ा पार्किंग एवं पार्क क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर हुड़दंग करने वाले चार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग की। इस दौरान चार लोग सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर शांति व्यवस्था प्रभावित करते पाए गए, जिनके विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार जोशियाड़ा पार्क क्षेत्र में पूर्व से ही शराब पीकर हुड़दंग करने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया और मौके पर कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उत्तरकाशी पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और उपद्रवियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, जिससे जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।





