
जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नई टिहरी स्थित बौराड़ी स्टेडियम में विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। उपस्थित लोगों ने नियमित योग अपनाकर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मना रहे हैं, जो भारत की प्राचीन योग परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों से नियमित योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि केवल योग दिवस पर ही नहीं, बल्कि वर्ष के सभी 365 दिनों तक योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास करने के साथ स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण संरक्षण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए नशा मुक्ति सेल्फी पॉइंट पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सेल्फी लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया।
योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, डीएफओ पुनीत तोमर, डॉ. सत्यवीर सिंह रावत, डॉ. सिद्धि मिश्रा, डॉ. हरीश भट्ट, डॉ. कर्णपाल, डॉ. विनोद रावत, डॉ. तुषिता, भुवनेश्वर बड़ोनी, मनोज धीरवान, योग अनुदेशक वैशाली जुयाल, सुरजीत चौहान, आशुतोष डबराल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




