utrakhandउत्तरकाशी

नशामुक्त भारत अभियान को मिली नई ताकत: केंद्र सरकार और अखिल विश्व गायत्री परिवार के बीच हुआ MoU, देशभर में चलेगा जनजागरण अभियान

जन एक्सप्रेस /हरिद्वार विश्व मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर आयोजित नशा मुक्त भारत सप्ताह के समापन समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार और अखिल विश्व गायत्री परिवार के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत दोनों संस्थाएं देशभर में नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाएंगी।

दो हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने निकाली नशामुक्ति रैली

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय और शांतिकुंज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिल विश्व गायत्री परिवार के 2,000 से अधिक स्वयंसेवकों और साधकों ने नशामुक्त भारत का संदेश देते हुए विशाल जनजागरण रैली निकाली। रैली शांतिकुंज से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई देवसंस्कृति विश्वविद्यालय पहुंची, जहां जनसभा का आयोजन किया गया।

रैली में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने बताई सामाजिक भागीदारी की जरूरत

मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ सामाजिक और आध्यात्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि गायत्री परिवार के साथ हुआ यह समझौता नशामुक्त भारत अभियान को नई गति देगा।

डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने दिलाया नशामुक्त समाज का संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि नशामुक्ति की शुरुआत व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने से होती है। उन्होंने सभी से स्वयं नशा न करने और कम से कम एक व्यक्ति को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लेने की अपील की।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने भी युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया।

दशकों से चला रहा है नशामुक्ति अभियान

गायत्री परिवार ने बताया कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों से प्रेरित होकर संस्था कई दशकों से नशामुक्ति, नैतिक जागरण, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक पुनर्निर्माण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। लाखों स्वयंसेवकों के माध्यम से देशभर के गांवों, कस्बों और शिक्षण संस्थानों में सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य अतिथि

एमओयू पर गायत्री परिवार की ओर से योगेन्द्र गिरि, वीरेन्द्र तिवारी और उदय किशोर मिश्र ने हस्ताक्षर किए, जबकि मंत्रालय की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास, संयुक्त सचिव संदीप राठौड़, विभिन्न विभागों के अधिकारी, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय एवं शांतिकुंज परिवार के सदस्य, विद्यार्थी तथा देशभर से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button