
जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह (17 से 26 जून) के अंतर्गत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
क्रिकेट मुकाबला सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी और टिहरी टाइगर्स के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी ने जीत दर्ज की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अनिरुद्ध राणा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त भारत अभियान से जोड़ना, खेल भावना को बढ़ावा देना और समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश देना रहा। आयोजन के माध्यम से युवाओं और दर्शकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मयंक थपलियाल, आकाश श्रीवास्तव, शशि कुमार, चन्द्रमोहन राणा सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।






