
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने रविवार को बूथ संख्या 97 स्थित अपने आवास पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी, राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त भारत, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों पर अपने विचार साझा किए और नागरिकों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जनजागरूकता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूत करने का प्रभावी अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।






