उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, 34,805 बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: “एक बूंद भी छूटे नहीं, एक बच्चा भी टूटे नहीं” के संकल्प के साथ जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी से किया गया। अभियान का उद्घाटन राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत तथा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती ने नन्हे बच्चों को पोलियो की ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 34,805 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए 344 पोलियो बूथ, 4 मोबाइल बूथ, 4 ट्रांजिट टीमें तथा 134 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। पूरे जिले को 6 जोन में विभाजित कर प्रत्येक जोन में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का महाअभियान है, जिसकी सफलता समाज के सहयोग से ही संभव है।

अभियान के संचालन में सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजल्वाण, प्रीति गौड़ सेमवाल, कुशला शाह, उषा चौहान, रुचि सेमवाल, कल्पना सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मिशन मोड में कार्य कर रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button