utrakhandटिहरी

झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी जनपद के देवल गांव निवासी केतन लाल से जुड़ी घटना के बाद झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि केतन एक अनुसूचित जाति परिवार से था और प्रदेश में अनुसूचित जाति समाज के लोगों के साथ लगातार सामने आ रही उत्पीड़न और अत्याचार की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था और सामाजिक न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि समाज के कमजोर, वंचित और अनुसूचित वर्ग के लोगों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक नागरिक को भयमुक्त वातावरण और समय पर न्याय मिले।

विधायक ने कहा कि इस पूरे मामले को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा और प्रदेश सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उच्च अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि न्याय मिलने तक वह उनकी लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़े रहेंगे। साथ ही कहा कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई भी इस प्रकार का अपराध करने का साहस न कर सके।

इस दौरान राजेश निराला, रजनीश डेलना, दीपक मास्टर, मान सिंह खालसा, सचिन, पिंकेश नागर, अमित कुमार, दिनेश कुमार, प्रद्युमन, बलविंदर सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button