utrakhandउत्तरकाशी

पुरोला में कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा, यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

जन एक्सप्रेस /पुरोला। उत्तरकाशी जिले के पुरोला में सोमवार को कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह चौहान, विधायक विक्रम सिंह नेगी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।

मुख्य अतिथियों का पेट्रोल पंप से मुख्य बाजार तक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा, कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और किसानों से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने जल, जंगल, भूमि, खनन और पेपर लीक जैसे मामलों का भी उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार की आलोचना की।

कांग्रेस नेताओं ने पुरोला विधानसभा की जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने के लिए सत्ता परिवर्तन आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान रैली में शामिल लोगों ने हाथ उठाकर परिवर्तन का संकल्प लिया और कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाए। अंत में पार्टी नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक विक्रम सिंह नेगी, जोत सिंह गुनसोला, जिला अध्यक्ष दिनेश चौहान, धिरेंद्र सिंह नेगी, कविंद्र असवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष विहारी लाल शाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button