utrakhandउत्तरकाशीटिहरीदेहरादूनधराली

जनता दरबार में डीएम नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं 68 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन, राशन कार्ड तथा अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे।

जनता दरबार के दौरान सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

कार्यक्रम में तहसील टिहरी के ग्राम बटखेम निवासी सुलोचना देवी ने उनके मकान के पीछे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत न होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने बरसात से पहले एसडीएम टिहरी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पनियाला वार्ड-2 की जिला पंचायत सदस्य शैला रमेला ने अपने क्षेत्र के विभिन्न गांवों के महिला मंगल दलों को म्यूजिक सिस्टम उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर जिला युवा कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विकासखंड चम्बा के ग्राम वीड निवासी महिम ममगाई ने सड़क कटान के बाद खेत की सुरक्षा के लिए पुश्ता निर्माण नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, चम्बा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत पलाम निवासी राधेश्याम चमोली ने राशन कार्ड बंद होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बौराड़ी निवासी दिनेश कुमार ने वर्ष 2024 में आग लगने से दुकान जल जाने के कारण आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button