
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: ग्राम पंचायत की प्रस्तावित भूमि नीलामी और आवंटन के विरोध में भूमि बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना-प्रदर्शन जारी है। आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने ग्राम पंचायत की भूमि की प्रस्तावित नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने की मांग की। आंदोलनकारियों का कहना है कि संबंधित भूमि ग्रामीणों की आजीविका, पशुपालन और पारंपरिक संसाधनों से जुड़ी हुई है, इसलिए इसे संरक्षित रखा जाना चाहिए।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पंचायत की गोचर भूमि के आवंटन से स्थानीय हित प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इस निर्णय का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे और पंचायत भूमि की नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह निरस्त होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप सिंह पंवार, पूर्व राज्यमंत्री अतर सिंह तोमर, राज्यमंत्री खेम सिंह चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, प्रधान संगठन अध्यक्ष युद्धवीर रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष ऋषि भट्ट, जिला पंचायत सदस्य शीशपाल राणा, भाजपा महामंत्री दिनेश भंडारी, ग्राम प्रधान नरेंद्र नेगी, प्रमोद उनियाल, यशपाल, मीनाक्षी कैंतुरा, विजेंद्र राणा, सुनील बिष्ट, प्रभु डोभाल, अभिषेक, रोबिन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र रावत, प्रताप रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र नेगी, नत्थी सिंह कैंतुरा, अतर सिंह सजवाण, भाजपा चंबा मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री, नरेंद्र रावत, कुंवर सिंह तड़ियाल सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






