
जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: जनपद में एंटी ड्रग्स एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत जिला स्तरीय एनसीओआरडी (NCORD) समिति की बैठक अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नशा उन्मूलन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज
बैठक में बताया गया कि पिछले माह एनडीपीएस अधिनियम के तहत जनपद में कुल 3 अभियोग दर्ज किए गए, जो स्मैक, पोस्त और चरस की तस्करी से जुड़े हैं। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत 14 अभियोग पंजीकृत किए गए।
जनजागरूकता अभियान में हजारों लोगों की भागीदारी
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान के तहत 41 गोष्ठियों का आयोजन किया। इनमें 1,445 छात्र-छात्राओं और 1,928 आम नागरिकों ने भाग लिया।
हटवाल गांव में अवैध पोस्त और अफीम की खेती नष्ट
बैठक में जानकारी दी गई कि चम्बा थाना क्षेत्र के हटवाल गांव में अवैध पोस्त एवं अफीम की खेती का विनिष्टीकरण किया गया। संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज किया गया।
स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की कार्रवाई
चिकित्सा विभाग ने बताया कि नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत 69 जनरल काउंसलिंग, 31 फार्माकोथेरेपी सत्र तथा 2 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वहीं आबकारी विभाग ने 68 छापेमारी अभियान चलाकर 10 अभियोग दर्ज किए तथा 117.41 लीटर अवैध शराब बरामद की।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने किए निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मई माह में 14 निरीक्षण किए तथा 8 खाद्य नमूने लिए। विभाग ने एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की और 5 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए।
जिला समाज कल्याण विभाग ने नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित रैलियों और वॉल पेंटिंग कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
एडीएम ने दिए सख्त निर्देश
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सभी विभागों को शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने, एंटी ड्रग्स कमेटियों को सक्रिय करने तथा मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आबकारी विभाग को शराब की दुकानों सहित सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता पोस्टर लगाने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित निरीक्षण जारी रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी विभागों से नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी कुंवर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा, ड्रग इंस्पेक्टर ऋषभ धामा, पुलिस विभाग से संगीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






