
जन एक्सप्रेस / पुरोला : विकासखंड पुरोला में गुरुवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VBGRAM) के शुभारंभ के अवसर पर जनसम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य, विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और मनरेगा श्रमिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री के लाइव संबोधन के प्रसारण से हुआ। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को मिशन के उद्देश्य, कार्ययोजना और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
जनसम्मेलन में विकसित ग्राम पंचायत योजना के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। पोस्टर, बैनर और सूचना पट्टों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान ने बताया कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, आजीविका को मजबूत करना तथा ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को गति देना है।
कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, प्रधान कुलवंती डोटीयाल, त्रिलोक बिजलवान, हेमराज रावत, राजेश बिजलवान, बलवंत पंवार, कृष्ण सिंह, कविता ज्याडा, संतोषी देवी, जगवीर राणा, गुड्डी देवी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।






