उत्तराखंडहरिद्वार

डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने राष्ट्रीय नेतृत्व को जन्मशताब्दी समारोह का दिया निमंत्रण

जन एक्सप्रेस/ हरिद्वार: अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा भारत सरकार के कई केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट कर वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

राष्ट्रीय नेतृत्व को दिया विशेष आयोजनों का निमंत्रण

डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने ओम बिरला, ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, चिराग पासवान, सर्बानंद सोनोवाल, भूपेन्द्र यादव और सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर उन्हें जन्मशताब्दी वर्ष समारोह, अखंड दीपक शताब्दी समारोह तथा अन्य विशेष आयोजनों में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।

लोकतांत्रिक मूल्यों और युवा सशक्तिकरण पर चर्चा

इन मुलाकातों के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति, वैज्ञानिक अध्यात्म, नैतिक नेतृत्व, युवा सशक्तिकरण, मूल्यनिष्ठ शिक्षा और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

साथ ही देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा योग, भारतीय ज्ञान परंपरा, समग्र व्यक्तित्व विकास और संस्कार आधारित शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की भी जानकारी साझा की गई।

राष्ट्र निर्माण के अभियान से जुड़ने का आह्वान

डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने सभी जनप्रतिनिधियों से जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा कि यह अभियान भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के व्यापक जनजागरण का महत्वपूर्ण माध्यम है।

केंद्रीय मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों ने अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा समाज जागरण, संस्कार संवर्धन, नैतिक मूल्यों के प्रसार, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने माता भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी वर्ष समारोह एवं अखंड दीपक शताब्दी समारोह की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए आयोजनों में सहभागिता का आश्वासन भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button