
जन एक्सप्रेस/ विकासनगर: कोतवाली विकासनगर पुलिस ने भारत सरकार के संचार साथी (CEIR) पोर्टल की सहायता से 8 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई जा रही है।
मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों और उनके परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
शिकायत मिलते ही शुरू की जाती है ट्रेसिंग
कोतवाली विकासनगर में मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर संबंधित मोबाइल को सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर ट्रेसिंग के लिए अपलोड करती है। इसी प्रक्रिया के तहत गुरुवार को पुलिस ने आठ मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए।
अब तक 78 मोबाइल फोन बरामद
एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि विकासनगर पुलिस अब तक सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 78 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटा चुकी है। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 15.60 लाख रुपये है।
उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग कर गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास कर रही है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल रही है।
लोगों ने पुलिस का जताया आभार
मोबाइल फोन वापस मिलने पर स्वामियों ने उत्तराखंड पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि सीईआईआर पोर्टल जैसी डिजिटल व्यवस्था के कारण खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ गई है और आम लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।






