
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नई टिहरी स्थित EVM-VVPAT वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने मशीनों के रिकॉर्ड के रख-रखाव, CCTV निगरानी प्रणाली, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों की जांच की। उन्होंने फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) हॉल, डबल लॉक सिस्टम और वेयरहाउस के विभिन्न ब्लॉकों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस में चल रहे आवश्यक मरम्मत कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि निर्वाचन आयोग के निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, युवा कांग्रेस सदस्य नवीन सेमवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, जवाहर सिंह, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






