
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत नई टिहरी के पूर्णानंद खेल मैदान में जिला प्रशासन और जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं और धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
मैराथन में कुल 270 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। प्रतियोगिता को दो वर्गों—अंडर-16 और ओपन वर्ग—में आयोजित किया गया। दोनों श्रेणियों में प्रतिभागियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चन्द्रवीर पोखरियाल ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक एवं जिला पंचायत प्रतिनिधि गजेंद्र राणा उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को खेलों के साथ-साथ सुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर दोनों वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव नवीन रयाल, खेल विभाग के विभिन्न प्रशिक्षक तथा कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।






