utrakhandटिहरी

नई टिहरी में नशामुक्त विवाह बना मिसाल, ‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान को मिला जनसमर्थन

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-  नगर पालिका क्षेत्र न्यू टिहरी में आयोजित शिवानी के विवाह समारोह ने समाज के सामने एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। यह विवाह पूरी तरह नशामुक्त वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहां शराब परोसने की परंपरा से दूर रहकर सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कारों को प्राथमिकता दी गई।

विवाह समारोह के दौरान शिवानी ने कहा कि विवाह जीवन का सबसे पवित्र संस्कार है और इसकी शुरुआत नशामुक्त वातावरण में होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया था कि उनके विवाह समारोह में शराब का कोई स्थान नहीं होगा। यदि उनकी इस पहल से अन्य परिवार भी प्रेरित होकर नशामुक्त विवाह को अपनाते हैं, तो यही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

वधू पक्ष की ओर से शिवानी की माता सीमा रावत ने कहा कि शादी जैसे पवित्र संस्कार को नशे से मुक्त रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ, सुरक्षित और संस्कारित समाज देना है। यदि प्रत्येक परिवार इस प्रकार का संकल्प ले, तो समाज की अनेक बुराइयों पर स्वतः अंकुश लगाया जा सकता है।

‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान से जुड़े सुशील बहुगुणा ने कहा कि नशामुक्त विवाह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की मजबूत शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर शराब का त्याग परिवारों में सौहार्द, सम्मान और संस्कारों को बढ़ावा देता है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त बनाने की अपील की।

इस अवसर पर अभियान से जुड़े जगदीश बड़ोनी और रवीश चमोली ने शिवानी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

नशामुक्त विवाह का यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भविष्य में भी विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए अभियान को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button