
जन एक्सप्रेस/ पिथौरागढ़ : जनपद के नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जे. एस. चुुफाल ने डीडीहाट क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य एवं चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पतालों में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा उपचार व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, मरीजों को समयबद्ध एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने तथा सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
डॉ. जे. एस. चुुफाल ने कहा कि जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बिना पूर्व सूचना अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित न रहें और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।






