
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़:- जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जे. एस. चुफाल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत सभी कार्मिकों की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक का उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु पाण्डेय ने एनएचएम के तहत संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। प्रत्येक कार्यक्रम की प्रगति, सामने आ रही चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर बिंदुवार चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के संचालन और उनके परिणामों का भी विश्लेषण किया।
सीएमओ डॉ. जे. एस. चुफाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित सभी योजनाएं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्मिकों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सीएमओ ने बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश भी दिए।






