
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पुरोला पहुंचे किशन सिंह रावत का संगठन के जवानों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों ने पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन शीघ्र ही सरकार के साथ वार्ता कर जवानों की समस्याओं के समाधान का प्रयास करेगा।
उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में होमगार्ड की तर्ज पर पीआरडी जवानों को मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) दिए जाने तथा साल के 365 दिन नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। उनका कहना था कि इन मांगों के पूरा होने से जवानों और उनके परिवारों का जीवन अधिक सम्मानजनक और सुरक्षित हो सकेगा।
किशन सिंह रावत ने कहा कि यदि सरकार ने इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन प्रदेशभर के पीआरडी जवानों के साथ आगे की रणनीति तैयार करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जवानों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द सकारात्मक पहल करेगी।
कार्यक्रम के दौरान जयदेव चौहान, हरीश पंवार, अनिल, कुशाल सिंह, दीपक डोभाल, प्रीतम सिंह, गीता राणा, प्रवीना, सुमित्रा, किशन, गुरुदेव नेगी, शोमलता व्यास और चंद्र मोहन सहित संगठन के पदाधिकारियों एवं पीआरडी जवानों ने प्रदेश अध्यक्ष को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।






