utrakhandउत्तरकाशी

उत्तराखंड PCS में सफलता के बाद अपने स्कूल पहुंचीं कंचन रावत, विद्यार्थियों को दिए सफलता और लक्ष्य निर्धारण के मंत्र

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :-  उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा-2024 में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट कमिश्नर (GST) बनीं कंचन रावत ने बुधवार को अपने पुराने विद्यालय बाल शिक्षा सदन, बड़कोट पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सफलता के प्रेरक मंत्र दिए। अधिकारी बनने के बाद विद्यालय में उनका यह पहला आगमन था। इस अवसर पर उनके माता-पिता का भी विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कंचन रावत ने कहा कि मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर अध्ययन ही किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने छात्रों से बचपन से ही बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र व राज्य की सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पीसीएस में सफलता उनके सफर का अंतिम पड़ाव नहीं है। वह अपनी तैयारी जारी रखते हुए भविष्य में देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में चयनित होने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही हैं।

कंचन रावत के पिता एवं खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता की मजबूत नींव विद्यालय में ही रखी जाती है। उन्होंने बताया कि बाल शिक्षा सदन वर्ष 1985 से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है और यहां से पढ़े अनेक छात्र-छात्राओं ने क्षेत्र, जनपद और राज्य का नाम रोशन किया है।

विद्यालय की प्रबंधक ऊषा थपलियाल ने कंचन रावत और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रधानाचार्य कमेश शाह ने मिठाई वितरित कर विद्यालय परिवार की खुशी साझा की तथा विद्यालय व्यवस्थापक सुनील थपलियाल ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में कंचन रावत से मिलने और उनकी सफलता की यात्रा को जानने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। छात्रों ने उनसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास बनाए रखने से जुड़े कई सवाल भी पूछे।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, सुनीता रावत, प्रबंधक ऊषा थपलियाल, प्रधानाचार्य कमेश शाह, शिक्षक विजय कुमार, गीता बिष्ट, नीलम, मुस्कान, रश्मि, मुस्कान खान, रूसी देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button