utrakhand

गढ़वाली फिल्म ‘मार्छा’ की टीम ने डीएम नितिका खण्डेलवाल से की मुलाकात, स्थानीय सिनेमा को बढ़ावा देने की अपील

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी:- उत्तराखंड की लोकभाषा, लोक संस्कृति और पारंपरिक जीवन शैली पर आधारित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘मार्छा’ की टीम ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फिल्म के निर्माता, निर्देशक और कलाकारों ने फिल्म की विषयवस्तु, उद्देश्य तथा उत्तराखंडी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की।

नई टिहरी में भी हो रहा है फिल्म का प्रदर्शन

फिल्म की टीम ने बताया कि देहरादून में दर्शकों से सराहना मिलने के बाद अब ‘मार्छा’ का प्रदर्शन नई टिहरी के त्रिहारी सिनेमा हॉल में किया जा रहा है। उनका कहना था कि यह फिल्म उत्तराखंड की लोकभाषा, परंपराओं, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है।

डीएम ने की गढ़वाली फिल्मों को प्रोत्साहित करने की अपील

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय भाषा और संस्कृति पर आधारित रचनात्मक प्रयास हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सिनेमाघरों तक पहुंचकर गढ़वाली फिल्मों को देखने और स्थानीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने की अपील की। उनका कहना था कि इससे उत्तराखंड की मातृभाषा, लोककला और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

इन कलाकारों और तकनीकी टीम ने निभाई अहम भूमिका

फिल्म ‘मार्छा’ के निर्माता रोहित शर्मा, निर्देशक शिवनारायण सिंह रावत, क्रिएटिव डायरेक्टर धीरज वर्मा और संगीतकार रणजीत सिंह हैं।

फिल्म में अर्जुन चंद्रा, कामिनी, सुनील कुमार गुप्ता, सुमन गौड़, अजय सिंह बिष्ट, अंशिका शर्मा और संजय बडोनी ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं, जिन्होंने अपने अभिनय से कहानी को प्रभावशाली बनाया है।

स्थानीय सिनेमा के समर्थन की अपील

फिल्म की टीम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्थानीय सिनेमा का समर्थन करें, ताकि भविष्य में भी उत्तराखंड की संस्कृति, लोकजीवन और लोकभाषा पर आधारित गुणवत्तापूर्ण फिल्मों का निर्माण निरंतर होता रहे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button