utrakhandटिहरी

टिहरी जिला पंचायत बैठक: जनपद के समग्र विकास के लिए मिलकर करें काम, अध्यक्ष इशिता सजवाण की अपील

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जनपद में संचालित विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

विभिन्न विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), परिवहन विभाग, जल निगम, वन विभाग, जल संस्थान, शिक्षा, चिकित्सा, लघु उद्योग, विद्युत, समाज कल्याण और पर्यटन विभाग समेत कई विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

‘विकास के लिए सभी को मिलकर करना होगा काम’

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि केवल समस्याओं की पहचान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी समाधान कर उन्हें धरातल पर लागू करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने पंचायतों के विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

स्मार्ट क्लास, ई-गवर्नेंस और रिवर्स माइग्रेशन पर जोर

इशिता सजवाण ने कहा कि डिजिटल शिक्षा, प्रत्येक विद्यालय में स्मार्ट क्लास की स्थापना और रिवर्स माइग्रेशन जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने विभागों से ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा तकनीक आधारित सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान किया।

सीडीओ ने दिए समन्वय बढ़ाने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं

बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

  • सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने सड़कों से मलबा हटाने, डामरीकरण, मोटर मार्गों के निर्माण तथा जीआईसी भेण्डखाल में रसायन विज्ञान के अध्यापक की नियुक्ति की मांग की।
  • सदस्य विजयपाल रावत ने लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह को पुनः संचालित करने और स्वीकृत सड़कों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी।
  • सदस्य शैला रमोला ने कोरड़ी–दुरांशखण्डा मोटर मार्ग का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।
  • सदस्य आशीष जोशी ने पटूड़ी गांव में सामुदायिक भवन एवं शौचालय निर्माण, हम्माणी देवी मोटर मार्ग पर लगाए गए अवैध बैरियर हटाने और बरसात से पहले पुल क्षेत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button