
जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड देवप्रयाग में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श और निःशुल्क उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की विभिन्न रोगों की जांच
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कान, नाक एवं गला (ईएनटी), फिजिशियन, महिला स्वास्थ्य, नेत्र रोग सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की। इसके अलावा मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड सहित आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण भी किए गए और जरूरतमंदों को निःशुल्क उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को विभिन्न बीमारियों की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।






