उत्तराखंडनई टिहरी

नई टिहरी: ग्राम बागी में सामाजिक आयोजनों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर ₹21 हजार का दंड

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत बागी (सारज्यूला) में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। ग्राम प्रधान कविता नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से विवाह, मुंडन, जन्मदिन, नामकरण एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब के पूर्ण प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में पूर्व प्रमुख आनंदी नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

नियमों का उल्लंघन करने पर ₹21 हजार का सामाजिक दंड

ग्राम सभा में तय किया गया कि गांव में होने वाले सभी सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त एवं संस्कारयुक्त बनाया जाएगा।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:

  • विवाह, मुंडन, नामकरण एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
  • विवाह समारोहों में डीजे रात 10 बजे तक ही संचालित किया जाएगा।
  • शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर रोक रहेगी।
  • ग्राम सभा के निर्णयों का उल्लंघन करने वालों पर ₹21,000 का सामाजिक दंड लगाया जाएगा।

ग्राम समाज सुधार समिति का गठन

ग्राम सभा में सामाजिक निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया।

समिति के पदाधिकारी इस प्रकार हैं—

  • अध्यक्ष: नवीन सिंह
  • उपाध्यक्ष: अमिता नेगी
  • सचिव: मीना नेगी
  • सहसचिव: प्रमिला नेगी
  • कोषाध्यक्ष: शुभम नेगी

कार्यकारिणी में रश्मी नेगी, सीमा नेगी, संगीता राणा, रीना तोपवाल, सरिता तोपवाल, नीलम अमोला और अजीत कठैत को शामिल किया गया।

सामाजिक बदलाव की दिशा में अहम पहल

ग्राम प्रधान कविता नेगी ने कहा कि सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त बनाना समय की आवश्यकता है और यह निर्णय नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करेगा।

पूर्व प्रमुख आनंदी नेगी ने कहा कि सामाजिक परंपराओं को संस्कारों से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है और ग्राम बागी का यह निर्णय अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा।

क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता नेगी ने कहा कि महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से गांव में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन आएगा और नशामुक्त समाज का सपना साकार होगा।

‘शराब नहीं, संस्कार’ अभियान को मिला बल

‘शराब नहीं, संस्कार’ अभियान के संयोजक सुशील बहुगुणा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि ग्राम बागी की पहल पूरे उत्तराखंड में सामाजिक जागरूकता का संदेश देगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही नशामुक्त और संस्कारयुक्त समाज का निर्माण संभव है।

ग्राम समाज सुधार समिति के अध्यक्ष नवीन सिंह ने कहा कि समिति ग्राम सभा के निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी और प्रत्येक सामाजिक आयोजन को नशामुक्त बनाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर कार्य करेगी।

बैठक में अभियान से जुड़े जगदीश बड़ोनी और लक्ष्मी ने भी ग्रामीणों को नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया। अंत में सभी ग्रामवासियों ने “शराब नहीं, संस्कार” अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और ग्राम सभा के निर्णयों का पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button