
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- उत्तराखंड के टिहरी जनपद में जिला योजना समिति के गठन की प्रक्रिया ने महत्वपूर्ण चरण पार कर लिया है। अंतिम परिसीमन पर निर्धारित समयावधि में कोई आपत्ति प्राप्त न होने के बाद जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंतिम परिसीमन को अनुमोदित कर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि पंचायतीराज विभाग, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के तहत जिला योजना समिति के गठन के लिए प्रारंभिक परिसीमन प्रकाशित कर आमजन से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए थे। इसके लिए जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय तथा सभी खंड विकास अधिकारी कार्यालयों में व्यवस्था की गई थी। हालांकि निर्धारित अवधि के दौरान किसी भी स्तर पर कोई आपत्ति प्राप्त नहीं हुई।
समिति में होंगे 25 सदस्य
अंतिम परिसीमन के अनुसार जिला योजना समिति में कुल 25 सदस्य होंगे। इनमें 20 निर्वाचित और 5 नामित सदस्य शामिल रहेंगे। निर्वाचित सदस्यों में 17 सदस्य जिला पंचायत तथा 3 सदस्य नगर निकायों से चुने जाएंगे।
तीन प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित
नगर निकायों के लिए तीन प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं।
- प्रथम क्षेत्र: नगर पालिका परिषद टिहरी और नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर।
- द्वितीय क्षेत्र: नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती, नगर पालिका परिषद देवप्रयाग और नगर पंचायत तपोवन।
- तृतीय क्षेत्र: नगर पालिका परिषद चंबा तथा नगर पंचायत कीर्तिनगर, लंबगांव, चमियाला, घनसाली और गजा।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम परिसीमन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। अब जिला योजना समिति के गठन की आगे की प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न की जाएगी।






