
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- देहरादून के परेड ग्राउंड में 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नई टिहरी में कांग्रेस की ओर से छात्र-छात्राओं के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुसर्रफ़ अली, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सोहन सिंह रावत, सभासद नवीन सेमवाल तथा छात्र नेता दिव्यम नेगी ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे आज देश के सबसे महत्वपूर्ण विषयों में शामिल हैं। उनका कहना था कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम छात्रों और युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े अपने मुद्दे लोकतांत्रिक तरीके से रखने का मंच प्रदान करेगा।
बैठक में वक्ताओं ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने और भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आई अनियमितताओं से लाखों युवाओं की मेहनत और उम्मीदों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
अंत में छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को मजबूती से उठाएं।






