utrakhandटिहरीनई टिहरी

टिहरी में अपर जिलाधिकारी ने PWD कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों और अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) बौराड़ी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और अभिलेखों के रखरखाव में कई कमियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

कर्मचारी अनुपस्थित, मांगा स्पष्टीकरण

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ कर्मचारी निर्धारित समय तक कार्यालय नहीं पहुंचे थे। अपर जिलाधिकारी ने विलंब से आने वाले तथा अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए।

अभिलेखों के रखरखाव और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि फील्ड कर्मचारियों की उपस्थिति और भ्रमण विवरण कार्यालय में उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा पुराने दस्तावेजों और अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। अधिकांश अभिलेख धूल से ढके हुए मिले और कार्यालय की सफाई व्यवस्था भी कमजोर पाई गई।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव और कार्यालय की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

निर्माणाधीन भवन का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के साथ-साथ निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के मानकों का पालन करते हुए पूरा किया जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति, समयपालन और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव को लेकर नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा | जन एक्सप्रेस, नई टिहरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button