utrakhandविकासनगर

विकासनगर के रामपुर मंडी में हरेला पर्व पर पौधारोपण, विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर गुरुवार को रामपुर मंडी स्थित वानिकी प्रशिक्षण केंद्र में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संदेश दिया।

विधायक ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह (बिट्टू सरदार) और खालिद ढालीपुर प्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षु वन आरक्षियों ने भी लगाया पौधा

वानिकी प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों तथा प्रशिक्षु वन आरक्षी बैच-111 ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इस दौरान प्रतिभागियों को वृक्षों के महत्व और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में वनों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

अधिकारी भी रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी मयंक कुमार गर्ग, उप प्रभागीय वनाधिकारी विभु, डॉ. शिप्रा शर्मा, आनंद सिंह रावत, वानिकी प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक तथा वन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्कूलों में भी चला पौधारोपण अभियान

हरेला पर्व के अवसर पर मनरूप चैरिटी एंड रिसर्च सेंटर इंडिया ने वन विभाग के सहयोग से सरस्वती विद्या मंदिर, इंडियन पब्लिक स्कूल और आशाराम वैदिक इंटर कॉलेज, विकासनगर में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।

इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। संस्था के सदस्यों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने सरकार, स्कूलों और विभिन्न विभागों से पूरे सप्ताह ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर हरित वातावरण बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में कार्तिक राणा, प्रतीक, अनुराग, सिमरन, आरुषि, कोमल, कृश, अंशिका, निहाल, दीपांशु, संगम, आयुष्मान, प्राची सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और संस्था के सदस्य मौजूद रहे।

संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा | जन एक्सप्रेस, विकासनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button