विश्व शूटिंग पैराशूट चैम्पियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता संजीव कुमार गिरी पहुंचे शांतिकुंज, डॉ. चिन्मय पण्ड्या से की भेंट

जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :-विश्व शूटिंग पैराशूट चैम्पियनशिप में भारत के लिए दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजीव कुमार गिरी गुरुवार को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचे। यहां उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
खेल, युवा चेतना और राष्ट्र निर्माण पर हुई चर्चा
शिष्टाचार भेंट के दौरान खेल, युवा चेतना, नैतिक मूल्यों, आत्मविकास और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने संजीव कुमार गिरी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा बुलंद करने वाले खिलाड़ी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और अटूट संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मानुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम जैसे गुणों के विकास का प्रभावी साधन भी है।
सफलता का श्रेय अभ्यास और सकारात्मक सोच को
संजीव कुमार गिरी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय नियमित अभ्यास, मानसिक दृढ़ता, सकारात्मक सोच तथा परिवार और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अवसर के रूप में स्वीकार करें और अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ें।
गायत्री परिवार ने किया सम्मान
इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से संजीव कुमार गिरी का अभिनंदन किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निरंतर सफलता की कामना की गई।
संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा | जन एक्सप्रेस, हरिद्वार






