utrakhandपिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में CMO का जिला औषधि भंडार केंद्र पर औचक निरीक्षण, दवा खरीद में पारदर्शिता और उपलब्धता के सख्त निर्देश

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. जे. एस. चुफाल ने शुक्रवार को जिला औषधि भंडार केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाओं के भंडारण, खरीद प्रक्रिया, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मार्केट सर्वे के आधार पर होगी दवा खरीद

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दवा की खरीद से पहले व्यापक मार्केट सर्वे कराया जाए। विभिन्न कंपनियों की कीमत और गुणवत्ता का Comparative Analysis Chart (तुलनात्मक विश्लेषण चार्ट) तैयार करना अनिवार्य होगा। इसी आधार पर दवाओं की खरीद की जाएगी, ताकि सरकारी धन का बेहतर उपयोग हो और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं प्रतिस्पर्धी दरों पर उपलब्ध कराई जा सकें।

ईडीएल के अनुरूप खरीद और पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश

डॉ. चुफाल ने कहा कि दवाओं की खरीद केवल राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत Essential Drug List (EDL) के अनुरूप ही की जाए। साथ ही सभी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी मरीज को दवा की कमी का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य शिविरों के लिए हर समय उपलब्ध रहें आवश्यक दवाएं

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देशित किया कि जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों और विशेष अभियान कार्यक्रमों के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मानसिक रोगियों को दवाओं की कमी नहीं होगी

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मानसिक स्वास्थ्य क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मानसिक रोगियों के लिए आवश्यक दवाएं वर्तमान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी दवा की अतिरिक्त आवश्यकता हो तो जिला अस्पताल में जमा होने वाले यूजर चार्ज की राशि से जन औषधि केंद्र के माध्यम से दवाओं की खरीद की जाए, ताकि मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत उपचाररत किसी भी मरीज को दवा की कमी का सामना न करना पड़े।

औषधि भंडार परिसर में किया पौधारोपण

निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला औषधि भंडार केंद्र परिसर में चीफ फार्मासिस्ट अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता

निरीक्षण के अंत में डॉ. जे. एस. चुफाल ने कहा कि दवा खरीद और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों का नियमित संधारण करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दोहराया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button