
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर वन प्रशिक्षण केंद्र, नरेंद्र नगर में भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पिरूल एकत्रीकरण से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को 22 लाख रुपये की धनराशि के चेक भी वितरित किए गए।
‘हरेला प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक’
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को हरित राज्य बनाए रखने में वन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और राज्य सरकार वन संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
रुद्राक्ष का धार्मिक और औषधीय महत्व बताया
वन मंत्री ने कहा कि रुद्राक्ष का वृक्ष धार्मिक, आध्यात्मिक और औषधीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। भगवान शिव से जुड़ा होने के कारण यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का भी अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का अभियान न बनकर जन-आंदोलन बने और प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले।
जलवायु परिवर्तन से निपटने में वृक्षों की अहम भूमिका
सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार हरेला पर्व के अवसर पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि वृक्ष जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण, मृदा संरक्षण और स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वन अधिकारियों और प्रशिक्षुओं ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ
कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हरेला पर्व को उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक बताते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। पीटीसी नरेंद्र नगर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षों की सुरक्षा की शपथ ली।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, नरेंद्र नगर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, एसडीओ फॉरेस्ट किशोर नौटियाल, एसडीओ फॉरेस्ट अनिल पैन्यूली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और प्रशिक्षुओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
कार्यक्रम का समापन “एक पेड़ मां के नाम” तथा “हरेला-हरित उत्तराखंड” के संकल्प के साथ हुआ।






